Ranchi News : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले में बुधवार को एक सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) अखिलेश कुमार के नेतृत्व में कचहरी चौक, मोरहाबादी और मेसरा क्षेत्रों में की गई।
इस जांच अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने टैक्स डिफॉल्ट करने वाले, ओवरलोडेड वाहन, बिना वैध परमिट चल रहे वाहन, बिना लाइसेंस और बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के साथ दौड़ रहे वाहनों की गहनता से जांच की।
कुल 189 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 26 वाहनों के दस्तावेज मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹6,03,002 का जुर्माना वसूला गया। यह जुर्माना टैक्स चोरी, ओवरलोडिंग, नियम विरुद्ध यात्रियों की ढुलाई जैसे मामलों में लगाया गया।
इस दौरान 5 वाहनों को जब्त भी किया गया। इनमें से चार वाहन मेसरा क्षेत्र से जब्त किए गए, जबकि एक वाहन मोरहाबादी क्षेत्र से पकड़ा गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित पुलिस थानों में रखा गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक कागजात जैसे वाहन पंजीयन, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस को हमेशा अपने साथ रखें। नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क सुरक्षा में भी योगदान दिया जा सकता है।



