अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सारण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम अमन समीर की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी 22 कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों ने चुनाव संबंधी तैयारियों पर प्रस्तुति दी और आवश्यक निर्देश प्राप्त किए।
बैठक में कार्मिक, प्रशिक्षण, ईवीएम, बज्रगृह, सामग्री, विधि-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, डाक मतपत्र, नामांकन, मीडिया, कंप्यूटरीकरण, साइबर सुरक्षा, शिकायत निवारण, स्वीप व संचार सहित सभी कोषांगों की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कार्मिक कोषांग ने बताया कि कर्मचारियों का डेटाबेस तैयार कर पुन: सत्यापन पूरा कर लिया गया है। चिकित्सीय कारणों से चुनाव ड्यूटी से छूट के आवेदनों पर मेडिकल बोर्ड द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
प्रशिक्षण कोषांग ने बताया कि कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए 10 स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां 5 से 11 अक्टूबर तक प्रशिक्षण होगा। सभी पीठासीन पदाधिकारियों व पी-वन कर्मियों को ईवीएम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ईवीएम कोषांग को मतदान से 21 दिन पूर्व यादृच्छिकीकरण (रेण्डमाइजेशन) पूरा करने और ईवीएम के सुरक्षित परिवहन व भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वीप कोषांग को मतदाता जागरूकता गतिविधियों को कैलेंडर बनाकर व्यापक स्तर पर लागू करने को कहा गया। बैठक में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी एवं सभी कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

