Bihar News: बिहार के कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के ग्राम कचौरी में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां घर की चौकी पर सोए हुए पिता और पुत्र को किसी ने आग के हवाले कर दिया। इस दर्दनाक वारदात में 12 वर्षीय सुनील कुमार मंडल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता राम कल्याण मंडल (45) गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात राम कल्याण मंडल और उनका बेटा सुनील घर के आंगन में चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में झुलसने के बाद दोनों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सुनील ने दम तोड़ दिया, जबकि राम कल्याण की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि वे इस वारदात से सदमे में हैं और आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उधर, कदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच हो रही है और जल्द ही असली दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version