Jharkhand News: पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना मंगलवार को पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जगतपुरवा मोड़ के पास हुई। एक ओवरलोड टोटो ऑटो ने अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय रोहित कुमार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो ऑटो में सब्जी और यात्री दोनों भरकर ले जाए जा रहे थे। ओवरलोड होने की वजह से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन करीब पांच फीट नीचे उतर गया। उस समय रोहित अपने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे टक्कर मार दी और उसके बाद दीवार से जा टकराया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्चे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे एमआरएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। रोहित की मौत की खबर सुनते ही उसके माता-पिता और परिजन बेसुध हो गए। गांव में हर आंख नम हो गई।

घटना की सूचना पर लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना स्थल का मुआयना किया और टोटो ऑटो को जब्त कर लिया। आरोपी चालक की पहचान लेस्लीगंज के पथरही गांव निवासी दयानंद कुमार के रूप में हुई है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

 

Share.
Exit mobile version