Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के सरसा लापुंग में शुक्रवार को कार्तिक सोहराई जतरा-2025 का शुभारंभ राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। पारंपरिक माहौल में आयोजित इस जतरा में आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और पारंपरिक नृत्य-गीतों से आयोजन स्थल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज ने अपनी एकता और समर्पण से पुरातन परंपराओं को आज भी जीवंत रखा है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और सामुदायिक एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि हमारे पुरखों की संस्कृति और धरोहर को सम्मान देने का अवसर है।
मंत्री ने कहा कि इस विरासत को संरक्षित रखना आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तीर-धनुष के साथ-साथ शिक्षा और ज्ञान को भी अपना हथियार बनाएं, क्योंकि आज के युग में शिक्षा ही सशक्तिकरण का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को बीज, ट्रैक्टर, सोलर पंप और अन्य योजनाओं का लाभ दे रही है। गांव के लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आने की जरूरत है।
जतरा में संतोष तिर्की, नकुल सिंह, सत्येंद्र भगत, फुलमनी देवी, प्रकाश राम, बसंत मिंज, अरविंद तिवारी, सुमित उरांव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



