अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के कोडरमा जिले में बीती रात झुमरीतिलैया के एक डॉक्टर और पुलिस टीम ने मिलकर मानवता की मिसाल पेश की। इसे सुन कर लोग प्रशंसा करते नहीं तक रहे। झुमरीतिलैया के चिकित्सक डॉ प्रवीण कुमार और पुलिस ने मिलकर रविवार की देर रात भारी बारिश के बीच प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला का बस में सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने बच्ची को जन्म दिया और प्रसव के बाद जच्चा व बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। देर रात बस में महिला का प्रसव कराए जाने का मामला सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय राधा देवी अपनी मां मीना देवी व बहन के साथ श्री साईं नामक यात्री बस से पटना से रांची अपने घर जा रही थी। कोडरमा के पास अचानक उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। राधा की स्थिति को देखकर बस में बैठे यात्रियों व परिजनों ने मदद का प्रयास किया, लेकिन राधा की प्रसव पीड़ा बढ़ती चली गयी। महिला की स्थिति देख बस को तिलैया लाया गया और उसे किसी अस्पताल में ले जाने का प्रयास किया गया। इस बीच बारिश के कारण कुछ समझ नहीं आने पर बस चालक ने रांची-पटना रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के पास खड़ी पीसीआर टीम से मदद मांगी। पुलिस ने प्रयास शुरू किया, पर रात की वजह से कुछ अस्पतालों में डॉक्टर नहीं मिले। ऐसे में पुलिस टीम में शामिल ओमप्रकाश व अन्य लोग महिला को बस में लेकर झुमरीतिलैया बाईपास रोड में संचालित आर्यन हॉस्पीटल पहुंचे और डॉक्टर प्रवीण कुमार से संपर्क किया।
मामले की जानकारी पाकर डॉ प्रवीण अपने मेडिकल सहयोगियों के साथ तुरंत सड़क किनारे उक्त बस में पहुंचे। महिला की स्थिति देख उसे वहां से अस्पताल ले जाना संभव नहीं लगा तो बस में ही सभी इंतजाम देकर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। रात करीब 2:40 बजे महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इस मामले महिला के सुरक्षित प्रसव तक सभी यात्री बारिश के बीच इंतजार करते रहे। बस में महिला को नॉर्मल डिलीवरी के बाद स्वस्थ बच्ची के जन्म की खबर से सभी यात्री खुशी से झूम उठे। बाद में महिला और बच्ची को डॉ प्रवीण ने अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार दिन में महिला को छुट्टी भी दे दी गयी। इधर राधा की मां मीना देवी ने बताया कि राधा का पति मुंबई में मजदूरी का करता है, राधा को पहले से एक पुत्री है।

