Jharkhand News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती से एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। 27 वर्षीय मनीषा कौर की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका का शव उसके कमरे से मिला, और प्राथमिक जांच में ही हत्या की आशंका प्रबल हो गई थी।

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका का पति, गुरप्रीत सिंह उर्फ सागर, जो घटना के बाद फरार हो गया था, को उसके ही रिश्तेदारों ने साकची से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान सागर ने चौंकाने वाला बयान दिया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की और करीब तीन-चार घंटे तक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद वह वहां से भाग गया।

पूछताछ में सागर ने कहा कि वह मनीषा को मार डाले बिना “पागल हो जाता”, लेकिन उसने हत्या का ठोस कारण नहीं बताया। पुलिस फिलहाल उससे गहराई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के वास्तविक कारण का पता चल सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीषा और सागर का विवाह नौ साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। मनीषा हिंदू और सागर सिख समुदाय से हैं। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे, जिसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी थी।

मनीषा दो बच्चों की मां थी। वारदात के बाद गोलमुरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि सागर के भागने की दिशा और समय की पुष्टि की जा सके। वहीं, मृतका के बच्चों और परिजनों से भी बयान लिए जा रहे हैं।

Share.
Exit mobile version