Palamu : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी से अनबन के चलते नाराज एक पिता ने अपने ही बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव की है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी अमित कुमार ठाकुर की पत्नी से बीते एक वर्ष से अनबन चल रही थी और दोनों के बीच बातचीत बंद थी। लेकिन अमित का पुत्र सूरज कुमार ठाकुर अपनी मां से लगातार संपर्क में रहता था और नाना-नानी के घर आना-जाना करता था। पिता ने कई बार बेटे को ऐसा करने से मना किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसने गुस्से में आकर बेटे की जान ले ली।

पुलिस के मुताबिक, चार अक्टूबर की रात अमित कुमार ने अपने पुत्र सूरज पर तब हमला कर दिया, जब वह सो रहा था। उसने घर में रखी धारदार टांगी से बेटे के गर्दन पर 10 से 15 वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता घर से फरार हो गया।

पांच अक्टूबर की सुबह जब लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पांकी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और 24 घंटे के भीतर आरोपी को करमाई घाटी जंगल स्थित ऐनवा मैनवा टोला से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी, खून से सनी टी-शर्ट और गमछी बरामद की। पूछताछ में अमित कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि बेटे के अपनी मां से बार-बार मिलने और उसकी बात न मानने से वह अत्यधिक गुस्से में आ गया था।

पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला पूरी तरह पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी घटना के बाद अफवाह न फैलाएं और न ही कानून को अपने हाथ में लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि विधि व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version