अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Saraikela : जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया बाजार में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब के कारोबारी बापी दास को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने बापी को रविवार देर रात सिविल ड्रेस में छापेमारी कर रंगे हाथ शराब बेचते हुए पकड़ा। मौके से 50 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई।
सूत्रों के अनुसार, बापी दास लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार कर रहा था। इलाके के लोगों ने कई बार उसकी शिकायत की थी, लेकिन हर बार वह पुलिस की पकड़ से बच निकलता था। इस बार सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष रणनीति बनाकर कार्रवाई की गई। जैसे ही टीम ने अचानक बाजार में दबिश दी, बापी दास शराब बेचते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उनके निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। आबकारी विभाग ने बताया कि बापी दास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, बापी दास इस अवैध कारोबार से करोड़ों की संपत्ति बना चुका है और हाल ही में उसने करोड़ों रुपये मूल्य का फ्लैट भी खरीदा था।

