Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT), रांची के निदेशक प्रोफेसर राजीव श्रीवास्तव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रो. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को संस्थान में संचालित विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों, शोध कार्यों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में IIIT रांची के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, उद्योगों के साथ साझेदारी और छात्रों के लिए रोजगार अवसरों को लेकर भी चर्चा हुई। निदेशक ने बताया कि संस्थान छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नवाचार एवं स्टार्टअप की दिशा में भी प्रोत्साहित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने IIIT रांची के प्रयासों की सराहना की और कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि IIIT रांची राज्य के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में नई दिशा देगा और उद्योगों की मांग के अनुरूप उन्हें तैयार करेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संस्थान को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि झारखंड तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी स्थान हासिल कर सके।

Share.
Exit mobile version