अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (सीटू) का छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को नगर निगम प्रबंधन से मिला। बैठक में मजदूरों की कई अहम मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें मातृत्व अवकाश, राष्ट्रीय अवकाश, अर्जित अवकाश लागू करने के साथ ही बोनस और वेतन वृद्धि जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
बैठक में निगम प्रबंधन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि सभी निगमकर्मियों को पहचान पत्र जल्द जारी किए जाएंगे। साथ ही, निकाले गए मजदूरों की पुनः बहाली और मृतक आश्रितों की नियुक्ति पर शीघ्र कार्रवाई होगी। प्रबंधन ने बताया कि एरियर भुगतान और एटूजेड मजदूरों का बकाया वेतन निपटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, 10 वर्ष से अधिक समय से सेवारत कर्मियों के स्थायीकरण का मामला नगर विकास विभाग को भेजा गया है, जिस पर विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।
निगम प्रबंधन ने कहा कि अवकाश, बोनस और वेतन वृद्धि से संबंधित मुद्दों पर अंतिम निर्णय उच्चस्तरीय बैठक में लिया जाएगा और इसकी लिखित सूचना 8 सितंबर को यूनियन को दी जाएगी।
बैठक के बाद पुराना विधानसभा मैदान में मजदूरों की बड़ी सभा हुई, जिसमें 10 सितंबर से प्रस्तावित हड़ताल की तैयारी जारी रखने का निर्णय लिया गया। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि मजदूरों की सभी मांगें श्रम कानूनों के अनुरूप हैं और यदि इनका समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल टालना संभव नहीं होगा। बैठक में यूनियन अध्यक्ष भवन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष प्रतीक मिश्रा, महासचिव प्रकाश टोप्पो समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

