अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: जमशेदपुर की होनहार छात्रा शांभवी जायसवाल को राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने शुक्रवार को सम्मानित किया। लोयोला स्कूल की छात्रा शांभवी ने ICSE 2025 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
इस शानदार उपलब्धि पर मंत्री ने शांभवी को एक लाख रुपये की प्रतिभा प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया और उसकी मेहनत व समर्पण की सराहना की। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा, “शांभवी जैसी प्रतिभाएं झारखंड की असली पहचान हैं। इन पर पूरे राज्य को गर्व है। राज्य सरकार हमेशा से ऐसे होनहार विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देती रही है और आगे भी देती रहेगी।”
सम्मान मिलने के बाद शांभवी ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन का आभार जताया। उसने कहा कि उसकी सफलता का मूलमंत्र नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण है। उसने यह भी कहा कि वह आगे चलकर अपने राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, झामुमो के वरिष्ठ नेता मोहन कार्माकर, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल स्टाफ और शांभवी के परिजन भी उपस्थित थे। मंत्री सोरेन ने समाज से अपील की कि वे शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें।

