Ranchi : लोक सेवा समिति ने रविवार को अपनी 34वीं स्थापना वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। यह अवसर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं “झारखंड रत्न” दिशोम गुरु शिबू सोरेन और वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य, स्वास्थ्य, समाज सेवा, पत्रकारिता, संस्कृति और पुलिस सेवा से जुड़े कई विभूतियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की खास बातें
कार्यक्रम में “नशा एवं हिंसा मुक्त भारत” विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित हुई। साथ ही कॉफी टेबल बुक “प्रेरणा” स्मारिका का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित हस्तियों और संस्थानों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, लोक सेवा समिति की ओर से सभी को नशा एवं हिंसा मुक्त भारत के लिए शपथ दिलाया गया। साथ ही, संस्था उमर प्लांट की ओर से मौजूद अतिथियों को पौधरोपण हेतु अमरूद का पौधा वितरण कर प्रकृति का संदेश दिया गया।
विभूतियों का सम्मान
राष्ट्र महिला गौरव सम्मान समाज सेवा में निगार सुल्तान और सैय्यदा खातून (गुमला), फूड एवं स्वास्थ्य योगदान के लिए सरोज श्रीवास्तव, शास्त्रीय संगीत में योगदान हेतु डॉ. मूर्णांलिनी अखोरी, और फिजियोथिरपी सेवा में डॉ. नेहा शर्मा को प्रदान किया गया।
अध्यक्ष और मुख्य अतिथि का संदेश
समिति के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद ने कहा, “समाज के लिए सेवा का यह 34 वर्षीय सफर अनेक विभूतियों और साथियों के सहयोग से संभव हो पाया है। इस वर्षगांठ पर हम उन सभी महान हस्तियों को सम्मानित कर रहे हैं जिन्होंने अपनी कर्मभूमि से समाज को नई दिशा दी है।”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी नौशाद आलम (पलामू प्रमंडल) ने कहा कि नशा पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। इससे बचाव तभी संभव है जब परिवार और समाज दोनों जागरूक हों। उन्होंने कहा, “हम सब गुलदस्ते के फूल के समान हैं, मिलकर रहेंगे तभी खूबसूरत लगेंगे। तभी समाज का सर्वांगीण विकास होगा।”
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी अमानत अली अंसारी, वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. हरविंदर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता चंचल भट्टाचार्य, साहित्यकार महादेव टोप्पो, बिरसा मुंडा के पोते बुधराम मुंडा, प्रो. यासीन कासमी, मुकर्रम मदनी समेत कई गणमान्य उपस्थित थे। समारोह ने एक बार फिर यह साबित किया कि लोक सेवा समिति समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने में अग्रणी संस्था है।



