चैनपुर : चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर मोड़ के समीप एक सड़क दुर्घटना में पैदल चल रहे युवक को अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।मिली जानकारी के अनुसार, सिलफरी निवासी सतीश कुजूर पिता मकरयुवस कुजूर अपने जीजा के घर बेंदोरा गया हुआ था। शुक्रवार की शाम जब वह पैदल ही अपने घर वापस लौट रहा था, इसी दौरान छतरपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सतीश सड़क किनारे गिरकर अचेत हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार मौके से भागने में सफल रहा।सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े सतीश कुजूर पर जब वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर पड़ी, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सा कर्मियों द्वारा घायल सतीश का प्राथमिक उपचार किया गया।



