Bihar News: बिहार में पहली बार आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप 2025 के शुभंकर ‘चांद’ और ट्रॉफी का अनावरण सीएम नीतीश कुमार ने रविवार शाम अपने आवास 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में किया। यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। इस अवसर पर सीएम ने ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हीरो एशिया कप-2025 का आयोजन बिहार के लिए गर्व की बात है। यह न केवल राज्य की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है, जिसमें राज्य सरकार ने विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिता आयोजन के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की हैं।
सीएम ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशों के खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। हीरो एशिया कप 2025 का आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ का प्रतीक है, जो साहस, स्फूर्ति और कौशल का प्रतिनिधित्व करता है। ‘चांद’ का लाल लबादा शक्ति और उत्साह को दर्शाता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की असाधारण प्रतिभा को श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
‘चांद’ का नाम मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा। यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व के गौरवशाली बाघ से भी प्रेरणा लेता है, जो शक्ति, चपलता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। हॉकी स्टिक थामे और लक्ष्य पर केंद्रित ‘चांद’ अनुशासन, समर्पण और जीत के जुनून को दर्शाता है। इसकी टोपी खेल की जादुई कला और बाघ का रूप साहस व निर्भीकता का प्रतीक है।
‘चांद’ के सीने पर ‘पद्म भूषण’ मेजर ध्यानचंद के योगदान को सम्मानित किया गया है। यह शुभंकर सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि हॉकी के जज्बे, बिहार के गौरव और खेल की भावना का प्रबल प्रतीक है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त को शुरू होगा, जो राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा, और हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगा।
कौन-कौन देश हुए शामिल
हीरो एशिया कप 2025 में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता का विजेता हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा। दक्षिण कोरिया ने अब तक सर्वाधिक 5 खिताब जीते हैं, जबकि भारत और पाकिस्तान तीन-तीन बार चैंपियन रह चुके हैं।
हॉकी के जुनून को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड राज्यों से गुजरेगी। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।



