अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: हजारीबाग जिले के बरही अनुमंडल अंतर्गत गोरहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में उत्तम यादव गिरोह के चार सक्रिय अपराधियों को हथियार और अन्य आपराधिक सामग्रियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नितीश वर्मा उर्फ संटू, बिट्टू वर्मा उर्फ बिट्टू सोनी, जटाधारी यादव उर्फ मोदी और सुनील कुमार के रूप में हुई है। ये सभी चतरा जिले के निवासी हैं और कुख्यात अपराधी उत्तम यादव के गिरोह से जुड़े हुए हैं।
सूचना मिली थी कि ये अपराधी एक बिना नंबर प्लेट वाली बेलोनो कार में बंडासिंघा-खैरा रोड से होकर इचाक की ओर जा रहे हैं। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) के नेतृत्व में गोरहर थाना प्रभारी के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से चामुदोहर के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान जैसे ही संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश हुई, उसमें सवार चारों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पीछा कर पकड़ लिया। तलाशी में नितीश वर्मा और बिट्टू वर्मा के पास से लोडेड देशी कट्टा और 315 बोर की जिंदा गोली बरामद की गई। साथ ही चार मोबाइल फोन और बिना नंबर की कार भी जब्त की गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के ये सदस्य ठेकेदारों और व्यापारियों से लेवी वसूलने की योजना बनाकर निकले थे। जटाधारी यादव पहले से ही चतरा में Arms Act के एक मामले में नामजद है। पुलिस अधीक्षक ने इसे संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता बताया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

