Gumla News : गुमला पुलिस को नई सफलता मिली है। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक ट्रक से तुबोर्ग और किंगफिशर ब्रांड की 1020 पेटी बियर जब्त की है। इस मामले में राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब लदी हुई है, जो गुमला से होकर रांची की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने पुग्गू बाईपास के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक उत्तर प्रदेश नंबर वाले ट्रक को देखा गया जो तेजी से भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा कर उसे रोक लिया। ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान अकबर खान (उम्र 21 वर्ष) और शरीफ खान (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के निवासी हैं।

प्रारं​भिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि ट्रक में रूई (कपास) लदा है, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि रूई के नीचे बियर की पेटियां छुपाकर ले जाई जा रही हैं। ट्रक की तलाशी लेने पर तुबोर्ग और किंगफिशर कंपनी की 1020 पेटी बियर बरामद हुई, जिन पर “फॉर सेल इन पंजाब ऑनली” लिखा हुआ था। एक पेटी में 500 एमएल के 24 कैन थे।

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि ये बियर की पेटियां छत्तीसगढ़ से अवैध रूप से दूसरे राज्य में सप्लाई की जा रही थीं। पुलिस ने ट्रक सहित सभी बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गुमला पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

Share.
Exit mobile version