Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ‘राधा स्काई गार्डन सोसाइटी’ शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। यहां दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल के साथ पिछले पांच महीनों से लिव-इन में रह रही 25 वर्षीय युवती प्रिया ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि प्रिया ने खुदकुशी के लिए कॉन्स्टेबल की ही सरकारी या लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉन्स्टेबल आशीष को हिरासत में ले लिया है।

पार्टी के बीच पत्नी का फोन और खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात आशीष के फ्लैट पर उसके कुछ दोस्त आए थे और शराब की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान आशीष की पहली पत्नी का फोन आया। आशीष का अपनी पत्नी से तलाक का केस चल रहा है, लेकिन फोन प्रिया ने रिसीव कर लिया। फोन पर आशीष की पत्नी और प्रिया के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से और आवेश में आकर प्रिया ने घर में रखी आशीष की पिस्टल उठाई और खुद को गोली मार ली।

अस्पताल में भर्ती कराकर भाग निकला था जवान

गोली की आवाज सुनकर फ्लैट में मौजूद लोगों के होश उड़ गए। लहूलुहान प्रिया को तुरंत यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती को अस्पताल पहुँचाने के बाद आशीष वहां से खिसक गया था, लेकिन बिसरख पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आशीष पिछले 5 साल से प्रिया के साथ रिलेशनशिप में था और प्रिया को उसके तलाक के मामले की पूरी जानकारी थी।

फ्लैट सील, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

एसीपी बिसरख ने बताया कि घटनास्थल यानी सोसाइटी के फ्लैट को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए हैं, जहां शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह वाकई आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है। मृतका के माता-पिता को सूचना दे दी गई है और उनकी लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक हंसता-खेलता रिश्ता जिस तरह मौत के मोड़ पर आकर खत्म हुआ, उसने पूरी सोसाइटी को सन्न कर दिया है।

इस खबर को भी पढ़ें : प्यार का खौफनाक अंजाम: 14 साल की प्रेमिका की ह’त्या कर 17 वर्षीय प्रेमी ने जंगल में दी जान

Share.
Exit mobile version