अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur news: शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जन्म जयंती इस वर्ष 9 मई को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। आयोजन को लेकर गुरुवार को होटल दयाल इंटरनेशनल में झारखंड क्षत्रिय संघ की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार को मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर कार्यक्रम की शुरुआत पांच पुरोहितों के शंखनाद से होगी। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों की समितियां भगवा ध्वज के साथ जयघोष करते हुए क्रमवार माल्यार्पण करेंगी।
संघ की ओर से शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, हिंदू समाज के लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
केंद्रीय सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे महाराणा प्रताप चौक पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, शौर्य और राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान पर अपने विचार रखेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।
भीषण गर्मी को देखते हुए क्षत्रिय युवा संघ की ओर से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में राहगीरों के बीच नि:शुल्क मीठे और शीतल पेय पदार्थों का वितरण किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राजीव सिंह उर्फ बबलू, जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह, अभिषेक सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

