अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Social News: भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन (CERT-In) ने WhatsApp यूजर्स को लेकर एक गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि अगर आपने ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट नहीं किया है तो आपका पर्सनल डेटा खतरे में पड़ सकता है।
CERT-In की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के iOS और macOS वर्जन में एक गंभीर सुरक्षा खामी पाई गई है। यह खामी “Linked Devices Handling” से जुड़ी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस खामी का फायदा उठाकर कोई अटैकर यूजर्स को फेक या मालिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए मजबूर कर सकता है। जैसे ही यूजर इन लिंक्स पर क्लिक करता है, हैकर्स को उसके प्राइवेट चैट्स, कॉन्टैक्ट्स और संवेदनशील डाटा तक पहुंचने का रास्ता मिल जाता है।
खासकर WhatsApp for iOS, WhatsApp Business for iOS और WhatsApp for Mac का इस्तेमाल करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है। CERT-In ने सलाह दी है कि सभी यूजर्स तुरंत ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट कर लें। एजेंसी ने यह भी कहा कि यह खामी अपने आप में खतरनाक है, लेकिन अगर इसे एप्पल के किसी दूसरे बग के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया गया, तो अटैकर्स और भी ज्यादा पावरफुल हो जाएंगे और यूजर्स का डेटा आसानी से चुरा सकते हैं।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि WhatsApp भारत में करोड़ों यूजर्स का पसंदीदा ऐप है और इस तरह की खामियां बड़े पैमाने पर यूजर्स को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में यूजर्स को सतर्क रहना होगा। सुरक्षित रहने के लिए ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना बेहद जरूरी है। साथ ही किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या अनजान URL पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
फिलहाल WhatsApp की पेरेंट कंपनी Meta की ओर से इस खामी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि कंपनी आमतौर पर सुरक्षा से जुड़ी दिक्कतों को तेजी से ठीक कर देती है। लेकिन जब तक ऑफिशियल अपडेट नहीं आता, यूजर्स को खुद सतर्क रहना होगा।
CERT-In की यह एडवाइजरी साफ संदेश देती है कि इस चेतावनी को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। अगर आपने ऐप अपडेट नहीं किया तो आपके निजी चैट्स और डेटा हैकर्स के निशाने पर आ सकते हैं।

