Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के चिटरी गांव में 57 वर्षीय महिला सुन्दारी डाड़का की कीटनाशक दवा पीने से मौत हो गई। मृतका के पति का नाम सुखराम डाड़का है।
परिजनों के अनुसार, सुन्दारी डाड़का ने गलती से चींटी मारने वाली दवा को सामान्य दवा समझकर पी लिया। घटना के समय घर के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो महिला की हालत बिगड़ी हुई थी।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, जहरीले पदार्थ का असर तेजी से फैलने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतका के परिजनों ने बताया कि उनकी तबीयत पहले से ठीक नहीं रहती थी और आंखों की रोशनी भी कमजोर थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उन्होंने दवा की सही पहचान नहीं कर पाई और गलती से कीटनाशक पी लिया।
सुन्दारी डाड़का अपने पीछे छह बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।



