Giridih News: गिरिडीह जिले के उदनाबाद में सोमवार को शिवम आयरन एंड स्टील प्लांट में हुए हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री के ओपनकास्ट यूनिट में काम कर रहे 25 वर्षीय मजदूर मुकेश वर्मा उर्फ लालू की अचानक एक दुर्घटना में मौत हो गई। घटना इतनी गंभीर थी कि साथी मजदूरों और फैक्ट्री प्रशासन की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

स्थानीय लोगों के अनुसार मुकेश रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे, तभी काम के दौरान यह हादसा हो गया। मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे। आक्रोशित भीड़ ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कंपनी बिल्कुल भी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग की।

हंगामा बढ़ता देख स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साई भीड़ को शांत करने की कोशिश की। पुलिस की मध्यस्थता में फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता शुरू की गई। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच मुआवजे की राशि को लेकर बातचीत जारी थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और श्रम कानूनों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आए दिन मजदूर हादसों का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और मृतक परिवार को जल्द न्याय मिले।

Share.
Exit mobile version