अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: संसद में घुसपैठियों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शुरू हुई बहस अब और भी तीखी हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद रेखा शर्मा ने कांग्रेस पर सीधा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विपक्ष SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) से इसलिए चिंतित है, क्योंकि “घुसपैठिए ही विपक्ष को चुनने का काम करते हैं।”
सांसद रेखा शर्मा ने एजेंसी से बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘घुसपैठियों’ पर दिए गए बयान का पूरी तरह से समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कई सालों से घर-घर जाकर ऐसी कोई चेकिंग नहीं हुई थी।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस के समय बड़ी संख्या में घुसपैठिए आए। पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र में बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। रोहिंग्या पश्चिम बंगाल से लेकर कश्मीर तक फैल चुके हैं।” उन्होंने पूछा कि जब रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के आने से डेमोग्राफी बदल चुकी है, तो “क्या सच में हम यह चाहते हैं कि अवैध रूप से रहने वाले लोग देश में नेताओं को चुनें?”
विपक्ष को सच्चाई का सामना करना पड़ेगा: BJP
रेखा शर्मा ने कहा कि विपक्ष के पास भारतीय नागरिकों के वोट नहीं बचे हैं, और वे SIR से इसलिए चिंतित हैं क्योंकि यह प्रक्रिया अवैध वोटों को हटा देगी। उन्होंने सवाल किया, “अब अगर घुसपैठियों को बाहर कर दिया जाएगा तो विपक्ष की राजनीति का क्या होगा?” उन्होंने बुधवार को सदन से विपक्ष के वॉकआउट करने पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें सच्चाई का सामना जरूर करना पड़ेगा।
वहीं, एक अन्य BJP सांसद किरण चौधरी ने भी विपक्ष को घेरते हुए कहा कि देश की जनता अब विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी हंसी उड़ाने लगी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जिन क्षेत्रों में ‘वोट चोरी’ के मुद्दों को उठाया, वहीं से उनके नेता चुनकर आए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी राजद ने भी ‘वोट चोरी’ को अपना मुद्दा नहीं बनाया।
किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है। उन्होंने जोर दिया कि SIR प्रक्रिया के जरिए अवैध वोटों को मतदाता सूची से दूर किया जा रहा है, जो पूरी तरह से सही कदम है।

