India News: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 2021 की दिवाली रात एक खौफनाक घटना घटी, जब शराबी बेटे ने अपनी ही मां से चाकू की धमकी देकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद 56 वर्षीय महिला ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने FIR दर्ज कर बेटे को गिरफ्तार किया।
मेडिकल परीक्षण और फॉरेंसिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पीड़िता के कपड़ों पर बेटे का स्पर्म मिला, जिससे मामला पूरी तरह साबित हो गया। जांच के दौरान पीड़िता ने बेटे के खिलाफ मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया, मगर बाद में अदालत में बयान बदल लिया। कोर्ट ने मां के नए बयान को खारिज कर दिया, क्योंकि मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों और पुलिस विवेचक के साक्ष्य से बेटे का अपराध पूरी तरह साफ हो गया।
परिवार के सदस्यों ने नहीं दिया साथ
अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि परिवार के अन्य सदस्य (भाई-बहन) आरोपी के पक्ष में नहीं आए, जिससे अदालत ने यह माना कि आरोपी दोषी है। यदि आरोपी निर्दोष होता तो परिवार उसका साथ देता।
कोर्ट ने सुनाई कठोर सजा
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई। न्यायाधीश ने तमाम सबूतों और गवाहों के आधार पर आरोपी बेटे को सात साल के कठोर कारावास और पांच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। यह मामला समाज में अपराध के प्रति जागरूकता और कानून के सशक्त पालन का उदाहरण बन गया है।



