Ghatsila News: पूर्वी सिंहभूम जिले की 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा उपचुनाव के नामांकन दस्तावेजों की संवीक्षा प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कुल 17 अभ्यर्थियों ने उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 14 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए, वहीं 3 उम्मीदवारों के नामांकन अधूरी अथवा गलत जानकारी के कारण रद्द कर दिए गए।

प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा से बाबूलाल सोरेन, झामुमो से सोमेश चंद्र सोरेन, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) की पार्वती हांसदा, भारत आदिवासी पार्टी के पंचानन सोरेन और जेएलकेएम के रामदास मुर्मू शामिल हैं। इसके अलावा, 9 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी संघर्ष में शामिल हैं।

रद्द होने वाले नामांकन में निर्दलीय मालती टुडू, आपकी विकास पार्टी के दुखिराम मान्डी और राष्ट्रीय सनातन पार्टी के मंगल मुर्मू के नाम शामिल हैं। निर्वाचन कार्यालय ने बताया है कि प्रक्रिया संबंधी खामियों और दस्तावेजों की कमी के कारण ये नामांकन अस्वीकृत किए गए।

चुनावी आयोग ने नाम वापस लेने की अंतिम तिथि घोषित कर दी है। इसके बाद ही अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होगी। चुनाव पर्यवेक्षक और जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Share.
Exit mobile version