Ranchi News: पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने जैन धर्मावलंबियों और तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। उन्होंने मंगलवार को रेल मंत्री को पत्र भेजकर यह आग्रह किया।

महेश पोद्दार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन (पारसनाथ) में स्थित श्री सम्मेद शिखरजी जैन समाज का विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। यहां सालभर देश-विदेश से हजारों की संख्या में जैन तीर्थ यात्री आते हैं, जिनमें वृद्ध, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

उन्होंने कहा कि पारसनाथ स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 1500 से 1600 यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन लंबी दूरी की कुछ अहम ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं है। इस वजह से तीर्थयात्रियों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पोद्दार ने सुझाव दिया कि राजस्थान की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों — हावड़ा-बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस, हावड़ा-बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस और कोलकाता-बीकानेर-कोलकाता प्रताप एक्सप्रेस — का पारसनाथ स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने तर्क दिया कि इन ट्रेनों का ठहराव होने से जैन तीर्थयात्रियों की श्री सम्मेद शिखरजी यात्रा सुगम होगी और देशभर के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों का भी मानना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव पारसनाथ पर हो जाता है, तो यह न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Share.
Exit mobile version