अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला। आगामी मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुमला जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। उपायुक्त श्रीमती प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में गुमला शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में विशेष छापेमारी सह निरीक्षण अभियान चलाया गया। त्योहारों के अवसर पर मिलावटी वस्तुओं की बिक्री की संभावना बढ़ जाती है, ऐसे में प्रशासन ने पहले से ही निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
छापेमारी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें लाखो होटल, केशरी ब्रदर्स, केशरी भंडार, मंत्री स्टोर, बिमल जूस, प्रिंस जी तिलकुट, न्यू गुमला स्टोर, एक्का रेस्टोरेंट तथा अनूप केशरी के संस्थान शामिल थे। जांच के क्रम में लाखो होटल में साफ-सफाई के मानकों का सही रूप से पालन नहीं पाए जाने पर विभाग ने तत्काल अर्थदंड लगाया। वहीं, केशरी ब्रदर्स से हल्दी का नमूना और प्रिंस जी तिलकुट से तिलकुट का नमूना संग्रह कर विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण में उत्पादन व भंडारण करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री प्रकाश चंद्र गुग्गी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें कहीं भी मिलावट, खराब गुणवत्ता या संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई दे, तो तुरंत इसकी शिकायत फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। समय पर मिली सूचना से विभाग को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाती है।
मकर संक्रांति को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, वहीं प्रशासन ने दुकानदारों को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।

