अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना और जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) जैसे सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में शनिवार, 2 अगस्त 2025 को पूर्वी सिंहभूम जिले की 19 चयनित पंचायतों में वित्तीय समावेशन शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में Re-KYC, नॉमिनी अपडेट, खाता खोलने की सुविधा, बीमा योजनाओं का नामांकन, डिजिटल लेनदेन, साइबर सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
इन पंचायतों में होंगे शिविर आयोजित:
मानुषमुढ़िया, बेलडीह, बिरदोह, सरडीहा, केंदुआ, बनकाटी, बागबेड़ा, छोटा गोविंदपुर (उत्तर), गदड़ा (मध्य), घाघीडीह (मध्य), हलुदबनी (पश्चिम), कालिमाटी (पश्चिम), सरजामदा (मध्य), बनमाकड़ी, बादिया (पश्चिम), पारुलिया, लच्छीपुर, मुहूलबनी और हल्दीपुखुर (पश्चिम)।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन शिविरों में स्थानीय बैंकों के प्रतिनिधि, बीमा एजेंट और डिजिटल सेवा प्रदाता मौजूद रहेंगे जो ऑन-द-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत समिति सदस्यों और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाएं और अन्य नागरिकों को भी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वित्तीय समावेशन की मुख्यधारा में लाना है, जिससे सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँच सके।

