India News: हरियाणा के जींद जिले के नरवाना शहर की चमेली कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान राजकुमारी (60) पत्नी रिछीपाल के रूप में हुई है। पूरा परिवार बेटे की शादी के लिए बारात लेकर झांसी, उत्तर प्रदेश गया हुआ था। उसी दौरान यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई।

मंगलवार को राजकुमारी का शव घर के अंदर चारपाई पर मिला। गले में गमछा बंधा हुआ था, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस का मानना है कि यह वारदात लूटपाट के इरादे से की गई है। घर के सामने बनी किराना दुकान को भी पूरी तरह से खंगाला गया था।

घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार वालों ने राजकुमारी को कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। शक होने पर पड़ोसियों को बुलाया गया। पड़ोसियों ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो राजकुमारी मृत अवस्था में मिली। इसके बाद तुरंत नरवाना शहर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से घटनास्थल की जांच की।

शव को नरवाना के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या की पीछे लूट के साथ-साथ पुरानी रंजिश की भी आशंका जताई जा रही है। घर से क्या-क्या चोरी हुआ है, इसका खुलासा परिवार के लौटने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस जांच में इस बात की भी संभावना जताई गई है कि हमलावरों को घर में अकेली महिला की जानकारी पहले से थी। संभव है कि मृतका हमलावरों को जानती हो, इसी कारण पहचान छिपाने के लिए हत्या कर दी गई। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Share.
Exit mobile version