अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटका कुबरीटांड में पुलिस ने शुक्रवार को नकली शराब फैक्ट्री का बड़ा खुलासा किया। SP डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब बनाने का कारोबार चल रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए SDPO धनंजय राम और थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 150 लीटर जानलेवा स्प्रिट, ढेरों खाली बोतलें, नकली ब्रांडेड रैपर, ढक्कन और अन्य सामग्री बरामद की। यही सामग्री इस्तेमाल कर शराब तस्कर विभिन्न कंपनियों के नाम से नकली शराब तैयार करते थे। इतना ही नहीं, मौके से एक सेंट्रो कार भी जब्त की गई, जिसका उपयोग स्टॉक को मांग के अनुसार डिलीवरी करने में किया जाता था।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों छोटी साहू, विकास साहू और आकाश साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अटका गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे तैयार बोतलों पर झारखंड का लेबल लगाकर बाजार में बेचते थे, ताकि किसी को संदेह न हो।
SDPO ने बताया कि आरोपी पिछले कई महीनों से इस धंधे में सक्रिय थे और ऊंची पैरवी के चलते अब तक बचते आ रहे थे। फिलहाल पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

