Ranchi : एदारा-ए-शरीया झारखंड ने घोषणा की है कि रबीउल अव्वल का चांद राज्य में नजर नहीं आया है। इसी कारण 12 रबीउल अव्वल का पर्व 6 सितम्बर, शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन ईद मिलादुन्नबी का जुलूस-ए-मोहम्मदी भी पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ निकाला जाएगा।
एदारा-ए-शरीया के नाजिम-ए-आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने बताया कि फिलहाल चांद दिखाई नहीं दिया है। हालांकि, यदि कहीं से चांद देखे जाने की गवाही (शहादत) मिलती है तो दोबारा इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने सभी मुसलमानों से अपील की कि वे 6 सितम्बर को होने वाले कार्यक्रम में शांति और भाईचारे के साथ शामिल हों और पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद स. के जन्म दिवस के मौके को एकता का संदेश देने के लिए मनाएं।



