Jamshedpur news: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर रविवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम की ओर से देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों से ओतप्रोत एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने देशप्रेम की भावना को और प्रबल किया। कलाकारों की सशक्त प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों की सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

सांस्कृतिक संध्या के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुति के अंतर्गत एकल गायन के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सलेंस, जमशेदपुर के दिव्य रत्न को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। नाट्य प्रस्तुति में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पटमदा को द्वितीय पुरस्कार जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जमशेदपुर को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि गणतंत्र दिवस के महत्व और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Exit mobile version