Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह छापेमारी 101 करोड़ रुपये के टेरर फंडिंग मामले से जुड़ी हुई थी। पटना से आई विशेष पुलिस टीम और घोड़ासहन थाने की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार साइबर फ्रॉड गिरोह के सदस्य भूषण चौधरी और उनके बेटे गोलू कुमार के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज और सामग्री मिली। इनमें विभिन्न देशों की करेंसी, 5 महंगी विदेशी रोलेक्स घड़ियां, 98 आधार कार्ड, 8 ड्राइविंग लाइसेंस, 16 वोटर आईडी कार्ड, 5 श्रम कार्ड, 4 बैंक पासबुक, 1 एटीएम कार्ड, 1 चेकबुक और 9 स्कैनर शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक लेजर बुक (खाता-बही) भी बरामद किया है, जिसमें रुपये के लेन-देन का विस्तृत ब्यौरा दर्ज है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह नेपाल, चीन और पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के साथ काम करता है और बड़े पैमाने पर साइबर फ्रॉड व टेरर फंडिंग में शामिल है। बता दें कि भूषण चौधरी और उसका बेटा गोलू कुमार पहले ही यूपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। अब बिहार पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
छापेमारी टीम में सिकरहना डीएसपी उदय शंकर, घोड़ासहन थानाध्यक्ष संजीव कुमार, एसआई मधुकर कुमार, नवल किशोर पासवान, नवीन कुमार और घोड़ासहन थाना के सशस्त्र जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



