Ranchi News : झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ और रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन ने यातायात विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को लेकर आगामी 8 जून को मोरहाबादी मैदान में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाने की घोषणा की है। रविवार को यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी, महासचिव मो. अब्बास और कोषाध्यक्ष भोला सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य यातायात एसपी द्वारा जारी 10 बिंदुओं वाले एजेंडे पर विस्तार से चर्चा कर अगली रणनीति तय करना है। यातायात विभाग की ओर से शहर में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए यह दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

एजेंडे के मुख्य बिंदुओं में चालकों को वर्दी पहनकर वाहन चलाने, आई कार्ड या नेम प्लेट लगाना अनिवार्य करने, सीट से अधिक यात्रियों को न बैठाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियम शामिल हैं।

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि वे इन निर्देशों को गंभीरता से ले रहे हैं और सभी चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा। बैठक में सभी यूनियन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में व्यापक विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लिया जाएगा, ताकि रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। वहीं, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि शहर में चलने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालक इन दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी तरह की लापरवाही से बचें।

Share.
Exit mobile version