अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने शनिवार को अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी दुर्गापूजा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख फ्लाईओवर और उनसे जुड़ी कनेक्टिविटी सड़कों की मरम्मत और विस्तार कार्य को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
DC ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा झारखंड की सांस्कृतिक पहचान है और इस दौरान लाखों श्रद्धालु राँची पहुँचते हैं। ऐसे में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने पथ निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को मिशन मोड में काम कर निर्धारित समय सीमा से पहले सड़क सुधार कार्य पूरा करने का आदेश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने मुख्य बाजारों, बड़े पंडालों और प्रमुख मंदिरों को जोड़ने वाली सड़कों के सुधार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्य पूरा होने पर ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और आम लोगों को सुगमता से आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण और मरम्मत कार्य के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर विकास में हो रहे कार्यों में सहयोग दें, ताकि त्योहार के दौरान राँचीवासियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

