Ranchi : दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को पिठोरिया थाना परिसर में शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पिठोरिया थाना प्रभारी अभय कुमार ने की। बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधि, क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे।

बैठक में थाना प्रभारी अभय कुमार ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा एक महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी प्रतिभागियों ने पुलिस प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे पूरी तरह से सहयोग करेंगे और क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखेंगे। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, बिजली-पानी की व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई और लोगों से आग्रह किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान ना दें।

बैठक में मुख्य रूप से पूर्व जिला परिषद सदस्य ऐनुल हक अंसारी, मजीद अंसारी, मोजीबूल अंसारी, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अनिल केशरी, दीपक चौरसिया, दिलेश्वर साहू, सुरेश राम एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version