Jharkhand News: पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उलडंडा पंचायत के बागी ग्राम के पाचोपड़वा टोला में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। नशे में धुत पति विपन भुइयां ने अपनी पत्नी सुनीता देवी (40) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पहले लाठी से मारा और फिर गर्दन मरोड़ दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव के गुमटी दुकानदार नंदकिशोर उरांव के अनुसार, महिला शराब खरीदने उसके पास पहुंची थी। हाथ में शराब की बोतल और ग्लास लेकर वह दुकान आई और शराब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद दुकानदार ने उसकी ननद बिगनी देवी को बुलाकर महिला को घर भिजवाया।
घर पहुंचने के बाद रात में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। विपन ने पहले लाठी से पीटा और फिर गुस्से में आकर गर्दन मरोड़ दी, जिससे सुनीता की मौत हो गई। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए, और उन पर हल्दी का लेप भी लगाया गया था।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा शादीशुदा है, दूसरा 18 साल का और बेटी 12 साल की है। हत्या की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ पाचोपड़वा टोला में जुट गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



