Ranchi : झारखंड की राजनीति में रविवार को एक अहम बदलाव देखने को मिला जब राज्य के पूर्व प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और अपर सचिव डॉ. अवध नारायण प्रसाद ने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रसाद को नेशनल एजुकेशन कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जो कि पार्टी की शैक्षणिक सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

डॉ. प्रसाद और उनके समर्थकों का स्वागत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किया गया, जिसमें कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कृषि मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, विनय सिन्हा दीपू, अभिलाष साहु, राजन वर्मा, केदार पासवान, जवाहर लाल महत्था और अन्य शामिल थे। सभी नेताओं ने माला और पार्टी पट्टा पहनाकर डॉ. प्रसाद का पार्टी में स्वागत किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि डॉ. अवध नारायण प्रसाद शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय रहे हैं और उनके अनुभव से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज़ रही है और ऐसे वरिष्ठ लोगों का पार्टी में आना इस मिशन को और मजबूती देगा। वहीं, राजेश ठाकुर ने डॉ. प्रसाद और डॉ. पासवान जैसे अनुभवी और प्रतिबद्ध लोगों के पार्टी से जुड़ने को कांग्रेस परिवार के लिए गर्व की बात बताया।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में ललन कुमार पासवान, ओम पासवान, तारकेश्वर, प्रो. शेखर मल्लिक, बृजकिशोर राय, बृजकिशोर बड़ाईक, रीता पासवान, नवल किशोर पासवान, दीपक कुमार, मुकेश कुमार, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. दिनेश पासवान सहित कई अन्य शामिल रहे। यह नई भागीदारी कांग्रेस को राज्य में न केवल मजबूती देगी, बल्कि शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में पार्टी की भूमिका को भी और व्यापक बनाएगी।

Share.
Exit mobile version