Bhagalpur : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चुनावी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम शुरू हो गया है।

गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जीरोमाइल स्थित महिला आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण किया। यह वही परिसर है, जहां मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम तैयार किया जाता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कॉलेज के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायज़ा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा एवं प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक हिदायतें दीं।

उन्होंने स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के मार्ग, आवागमन की व्यवस्था और सुरक्षा घेराबंदी की भी समीक्षा की। डॉ. चौधरी ने निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम के अंदर और आसपास सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव सामग्री की सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

इस अवसर पर एसडीएम विकास कुमार, निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी और सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने कहा कि चुनावी तैयारी पारदर्शी और सख्त मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी इंतज़ाम पूरे करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन का दावा है कि मतगणना तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version