Bhagalpur : बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ एवं बिहार राज्य राजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई भागलपुर के बैनर तले रविवार को दर्जनों कर्मचारियों ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि उन्हें इतना वेतन अवश्य दिया जाए जिससे परिवार का पालन-पोषण सम्मानजनक तरीके से हो सके।
कर्मचारियों ने कहा कि वे वर्ष 2011 से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी वेतन वृद्धि नहीं हुई है। इससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि इस मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र समाधान किया जाए।
उल्लेखनीय है कि कार्यपालक सहायक इससे पहले भी कई बार अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर चुके हैं। उन्होंने कैंडल मार्च निकाला और धरना प्रदर्शन भी किया, लेकिन अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो सकी हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका होती है। इसके बावजूद उन्हें न तो उचित वेतन मिल रहा है और न ही सुविधाएं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।



