Dhanbad News: धनबाद जिले के भेला टांड से होकर गुजरने वाली सड़क पर बना पुल बुधवार देर रात भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से करीब 10 गांवों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है।
आवागमन और दैनिक जीवन पर असर
स्थानीय ग्रामीण बिनोद पासवान ने बताया कि तेज बारिश के दौरान पुल का एक हिस्सा टूट गया, जिसके बाद लोगों को स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि बीमार व्यक्तियों को इलाज के लिए बाहर ले जाना भी मुश्किल हो गया है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीण गौतम मंडल ने कहा कि यदि पुल की मरम्मत जल्द नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है और कभी भी बड़ा हादसा घट सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुल और सड़क को तुरंत दुरुस्त कराने की अपील की है ताकि आवागमन सामान्य हो सके।
दो दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी भी है।



