Ranchi : पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी क्रम में मंगलवार को राजधानी रांची के डोरंडा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-01 के परेड मैदान में पुलिस संस्मरण दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन सभी वीर पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को नमन करना था जिन्होंने देश की सुरक्षा और जनता की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
इस अवसर पर झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता, महानिदेशक (डीजी) प्रशांत सिंह, महानिरीक्षक (आईजी) मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार, एवी होमकर, उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुरेंद्र कुमार झा, रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।
आरक्षी सुनील धान पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी गांव के रहने वाले थे। वे जिला बल, कोबरा 203, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के एसॉल्ट-11 दल के साथ संयुक्त रूप से एक विशेष नक्सल विरोधी अभियान में शामिल थे। अभियान के दौरान माओवादी उग्रवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे शहीदों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। पुलिस बल ने यह भी दोहराया कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।



