World News: भीषण गर्मी में जहां आम लोग एसी का सहारा लेते हैं, वहीं अफगानिस्तान के कंधार शहर में टैक्सी ड्राइवरों ने गर्मी से लड़ने के लिए एक अनोखा जुगाड़ निकाला है। यहां का तापमान अक्सर 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाता है और एसी रहित टैक्सियों में यात्रा करना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता। लेकिन देसी इंजीनियरिंग से तैयार किया गया यह घरेलू जुगाड़ वाला ‘कूलर’ अब राहत पहुंचा रहा है।
ऐसे ही एक टैक्सी चालक के हवाले से बताया गया है कि उसने अपने वाहन की छत पर पाइप और टेप की मदद से एक कूलिंग सिस्टम बनाया, जो दिखने में तो सामान्य लगता है, लेकिन काम बड़े शानदार तरीके से करता है। उनका दावा है कि यह देसी कूलर कार के आम एसी से भी ज्यादा असरदार है, क्योंकि यह पूरी गाड़ी को ठंडा कर देता है। कार चालक अपने कूलर को बैरल से जोड़ते हैं और खिड़की के जरिये ठंडी हवा कार के भीतर भेजते हैं। हालांकि इसमें थोड़ी मेहनत जरूर है, क्योंकि हर दिन दो बार कूलर में पानी भरना पड़ता है, लेकिन राहत इतनी है कि ड्राइवरों को यह करना मंजूर है।
इसी तरह एक अन्य टैक्सी ड्राइवर ने भी तकरीबन 3,500 रुपये में एक लोकल टेक्नीशियन से ऐसा ही कूलर कार की छत में फिट करवाया है। यह जुगाड़ अब यात्रियों को भी खूब पसंद आ रहा है। इस जुगाड़ से टैक्सी के सवार भी खासी खुश नजर आ रहे हैं। फिलहाल इन नॉनऐसी टैक्सियों में भी सफर करना राहत भरा अनुभव बन गया है। गर्मी से जूझ रहे देशों में यह अफगानी जुगाड़ मिसाल के तौर पर काम कर सकता है, क्योंकि यह सस्ता, असरदार और बिल्कुल देसी जुगाड़ है।



