अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में रांची सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में टाना भगत उपस्थित हुए। बैठक के दौरान टाना भगतों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष विस्तार से रखा।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं का विधिसम्मत और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन टाना भगतों के हित में संवेदनशीलता से काम कर रहे हैं और उनके हर मुद्दे का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
उन्होंने टाना भगतों के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ सत्य, अहिंसा और अनुशासन के मार्ग पर चलते हुए देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था, उसी तरह अब उन्हें “नए अंग्रेजों” यानी नशा, अफीम की खेती, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से लड़ना होगा।
उपायुक्त ने कहा, “उस समय अंग्रेज थे और आज समाज में फैलती बुराइयाँ हमारे नए अंग्रेज हैं। अगर टाना भगत ठान लें, तो ये बुराइयाँ जड़ से समाप्त हो सकती हैं।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएं।
श्री भजन्त्री ने कहा कि टाना भगत समुदाय अनुशासन और तपस्या के प्रतीक हैं। प्रशासन के साथ मिलकर वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील शासन और जागरूक समाज मिलकर ही “समृद्ध और स्वच्छ झारखंड” का निर्माण कर सकते हैं।
बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय तथा सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

