Ranchi : आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया और तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासनिक टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता का प्रतीक है, इसलिए घाटों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, SDRF और NDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके साथ ही सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और समितियों से अपील की कि वे जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि छठ पर्व प्रशासन और जनता के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
इसी क्रम में उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एडीएम (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, एसडीओ सदर उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय समेत नगर निगम, बिजली, पीएचईडी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



