Ranchi : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री शुक्रवार को जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों संग समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आम जनता से संवेदनशील व्यवहार की आवश्यकता पर बल दिया। उपायुक्त ने अबुआ साथी (9430328080) और अबुआ ग्रुप्स की नियमित मॉनिटरिंग कर शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नोडल पदाधिकारी को सप्ताहिक समीक्षा करने और आंगनबाड़ी व स्कूलों से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ सदर सहित अन्य अधिकारी एवं नगर निगम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की भी समीक्षा की। बताया गया कि पंचायत स्तर पर आधार सीडिंग कैंप के माध्यम से अब तक 1.15 लाख लाभुकों का बैंक खाते से आधार लिंक किया जा चुका है। इस योजना के अंतर्गत लाभुकों को आधार आधारित भुगतान किया जाना है। उपायुक्त ने शेष लाभुकों का आधार सीडिंग शीघ्र पूरा करने का निर्देश सामाजिक सुरक्षा विभाग को दिया। जिन लाभुकों को सत्यापन प्रपत्र नहीं मिला है, उन्हें सीडीपीओ एवं सेविकाओं के माध्यम से देने के निर्देश दिए गए

समाहरणालय परिसर में साफ-सफाई, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि दोनों ब्लॉकों की छत से लेकर पार्किंग तक सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पार्किंग में अनावश्यक वाहनों की एंट्री रोकी जाए। नगर निगम प्रतिनिधि को शहर में सफाई से संबंधित पीपीटी प्रस्तुत करने और नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपना पहचान पत्र (ID Card) और टेबल नेमप्लेट अनिवार्य रूप से डिस्प्ले करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए निरीक्षण दल भी बनाया जाएगा। बैठक में जनता से संवेदनशील व्यवहार की अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कोई भी नागरिक यदि समस्या लेकर आए तो उससे विनम्रता से पेश आएं और समस्या का समाधान प्राथमिकता पर करें।

Share.
Exit mobile version