Ranchi : राजधानी के व्यस्ततम ITI बस स्टैंड का आज उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सहायक प्रशासक चंद्रदीप कुमार और बाज़ार शाखा की टीम मौजूद रही। निरीक्षण के क्रम में उप प्रशासक ने पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की और परिसर में फैली गंदगी एवं अव्यवस्था पर नाराज़गी जताई।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उप प्रशासक ने पूरे क्षेत्र में नियमित झाड़ू, कूड़ा उठाव और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बस स्टैंड के प्रवेश द्वार (एंट्री प्वाइंट) के पाथ-वे को भी दुरुस्त करने की बात कही।
स्थानीय यात्रियों और दुकानदारों ने उप प्रशासक के इस निरीक्षण का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इन निर्देशों पर अमल होने से बस स्टैंड की दशा में बड़ा सुधार आएगा। निरीक्षण के दौरान जोनल सुपरवाइजर समेत कई कर्मी भी उपस्थित थे।



