Deoghar News: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव सड़क किनारे मिला। मृतक की पहचान चपरिया गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित यादव के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखकर परिवार और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से खून से सना चाकू, कपड़े और कुछ निजी सामान भी बरामद किए गए हैं। परिजनों ने एक महिला समेत तीन लोगों पर हत्या का संदेह जताया है और नाम पुलिस को बताए हैं, लेकिन हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम रोहित को किसी काम के बहाने पड़ोस के गांव बुलाया गया था। रात भर लौटकर न आने पर गुरुवार सुबह उसकी हत्या की खबर मिली। रोहित यादव अपने परिवार का बड़ा बेटा था और पिता के साथ मजदूरी कर परिवार चलता था। बेटे की मौत पर परिवार में कोहराम है।
पुलिस जांच और आरोपितों की तलाश
जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है। परिजनों के बताए गए नामों की पुष्टि की जा रही है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



