अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : जिले में प्रारंभिक शिक्षकों की ग्रेड-4 में प्रोन्नति प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से विभागीय संकल्प और नियमानुसार संचालित की जा रही है। लेकिन इस दौरान कुछ फर्जी और अज्ञात व्यक्तियों द्वारा शिक्षकों से मनचाहे विद्यालय में पदस्थापन कराने के नाम पर अवैध रूप से राशि वसूली की सूचनाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, ये लोग जिला शिक्षा कार्यालय का नाम लेकर शिक्षकों को भ्रमित कर रहे हैं और पदस्थापन के बदले धनराशि की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक (DEO) रांची ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि कोई भी शिक्षक इस तरह के झांसे में नहीं आएं।
डीईओ कार्यालय ने कहा है कि यदि किसी भी शिक्षक द्वारा ऐसे दलालों को राशि दी जाती है या किसी व्यक्ति द्वारा राशि ली जाती है और यह मामला जिला शिक्षा अधीक्षक के संज्ञान में आता है, तो दोनों पक्षों-लेने वाले और देने वाले के विरुद्ध सख्त पीड़क कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी प्रोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमसंगत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शिक्षकों से अपील की गई है कि यदि किसी भी माध्यम से ऐसी अवैध मांग की जाती है, तो वे बिना देर किए इसकी सूचना सीधे जिला शिक्षा अधीक्षक को दें।
शिकायत दर्ज कराने के लिए डीईओ रांची का मोबाइल नंबर 8409636008 तथा अबुआ साथी हेल्पलाइन नंबर 9430328080 जारी किया गया है। साथ ही, यह भी आश्वासन दिया गया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

