अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत खुदीराम बोस के सम्मान में समाजसेवी संस्था बंगबंधु ने एक अहम पहल की है। संस्था ने जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को ज्ञापन सौंपकर मानगो में निर्माणाधीन फ्लाईओवर और मानगो गोलचक्कर का नामकरण वीर शहीद खुदीराम बोस के नाम पर करने की मांग की है। संस्था का कहना है कि खुदीराम बोस की प्रतिमा वर्ष 2000 से ही मानगो गोलचक्कर पर स्थापित है और तभी से विभिन्न समाज और वर्गों के लोग उनकी जयंती और बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते आ रहे हैं।
संस्था ने बताया कि जब भी मानगो क्षेत्र में निर्माण कार्य होता है, प्रतिमा को अस्थायी रूप से संस्था के कार्यालय में सुरक्षित रखा जाता है। हाल ही में 11 अगस्त को संस्था कार्यालय में वीर शहीद खुदीराम बोस की 117वीं बलिदान दिवस पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एकजुट हुए। इस कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष अपर्णा गुहा, महासचिव उत्तम गुहा, कोषाध्यक्ष सुभाष सिंघा राय समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।
बंगबंधु संस्था का मानना है कि यदि मानगो फ्लाईओवर और गोलचक्कर को वीर खुदीराम बोस के नाम पर रखा जाता है तो यह न केवल बंग समाज बल्कि सभी समुदायों की भावनाओं को सम्मान देने का कार्य होगा। संस्था ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मांग को पूरा करने की अपील की है और जिला प्रशासन से कहा है कि प्रस्ताव को शीघ्र उच्च स्तर तक पहुंचाया जाए।
यह मांग ऐसे समय में उठी है जब समाज के लोग स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण में लाने और नई पीढ़ी को उनके बलिदान की प्रेरणा से जोड़ने के पक्षधर हैं। यदि सरकार इस पर जल्द निर्णय लेती है तो मानगो में यह कदम ऐतिहासिक महत्व का साबित होगा।

